चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले से टकराई तेज रफ्तार कार, हादसे को बताया साजिश
चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले और स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर, विधायक ने हादसे को साजिश बताया।

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले को निशाना बनाया गया। यह घटना झंजी, फुटिया और जगदीशसराय के पास हुई, जब विधायक बिहार के मोकामा में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनके काफिले को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर में विधायक के काफिले में शामिल दो से तीन टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शनों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक गाड़ी पलट गई। गनीमत रही कि विधायक सुशील सिंह सुरक्षित हैं, हालांकि उनके काफिले में मौजूद कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, स्कॉर्पियो चलाने वाला पंकज यादव, जो सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर का निवासी है, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विधायक ने जताई साजिश की आशंका
हादसे के बाद भाजपा विधायक सुशील सिंह ने इस पूरी घटना को बेहद संदिग्ध बताया है। उनका मानना है कि यह महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उनके काफिले को निशाना बनाकर किया गया एक सुनियोजित हमला हो सकता है। विधायक ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी और चंदौली के सदर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सुशील सिंह ने पुलिस से इस मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है ताकि हादसे के पीछे के असली मकसद का पता चल सके। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सच सामने आएगा। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।