मिर्जापुर: पहाड़ की गुफा में 15 दिन तपस्या में लीन रहे भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा
मिर्जापुर के भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा ने विंध्य पर्वत की गुफा में 15 दिनों की कठिन साधना पूरी की। जानें उनकी 33 साल पुरानी इस परंपरा के बारे में।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित विंध्याचल धाम अपनी आध्यात्मिक ऊर्जा और कठिन तपस्या के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इसी पावन धरा पर एक ऐसा शख्सियत है जो सत्ता के शिखर पर होने के बावजूद अपनी जड़ों और आस्था को नहीं भूला है। मिर्जापुर नगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा ने एक बार फिर राजनैतिक वैभव और सुख-सुविधाओं को पीछे छोड़कर विंध्य पर्वत की गुफाओं में कठिन साधना की। भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा साधना के इस कठिन दौर में पूरे 15 दिनों तक बाहरी दुनिया से कटकर राष्ट्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना में लीन रहे।
हैरानी की बात यह है कि यह कोई एक बार का घटनाक्रम नहीं है, बल्कि विधायक रत्नाकर मिश्रा पिछले 33 वर्षों से इस आध्यात्मिक परंपरा का पालन कर रहे हैं। विंध्याचल देवी धाम के तीर्थ पुरोहित होने के नाते उनका जुड़ाव इस क्षेत्र की शक्ति से बहुत गहरा है। हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने के बाद अपने द्वारा स्थापित मां गायत्री साधना स्थल की ओर प्रस्थान किया, जहां उन्होंने 15 दिनों तक कठोर तप किया।
सियासत और प्रोटोकॉल से दूर, सिर्फ भक्ति का मार्ग
साधना के दौरान विधायक का स्वरूप पूरी तरह बदल जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान न तो कोई राजनीतिक चर्चा होती है और न ही किसी तरह के प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। वे पूरी तरह से सांसारिक मोह-माया का त्याग कर केवल मां गायत्री की भक्ति में लीन रहते हैं।
साधना के 15वें और अंतिम दिन संध्या काल में उन्होंने विधि-विधान से मां का पूजन और आरती की। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने इस दिव्य पूजन के साक्षी बनकर राष्ट्र की रक्षा और खुशहाली की कामना की। पूजन और पूर्णाहुति के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आए हुए भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।