वाराणसी: कांग्रेस दफ्तर पर भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी को भेजीं चूड़ियां

Shubham Singh12 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
वाराणसी: कांग्रेस दफ्तर पर भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी को भेजीं चूड़ियां

वाराणसी के मैदगिन इलाके में सोमवार को उस समय भारी गहमागहमी रही, जब भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के महानगर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन राहुल गांधी द्वारा एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित अभद्रता और कांग्रेस सांसद बिमोल अकोईजाम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के 'दोहरे मानदंडों' पर सवाल उठाते हुए पार्टी नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह पूरा मामला भाजपा के देशव्यापी "नारी शक्ति हुंकार आंदोलन" का हिस्सा है। प्रदर्शन की शुरुआत दोपहर में लहुराबीर स्थित आजाद पार्क से हुई, जहां बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एकत्र हुईं। हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियां लिए यह हुजूम लहुराबीर से मैदगिन स्थित कांग्रेस कार्यालय तक मार्च कर पहुंचा। इस दौरान "बेटियों का शोषण करने वाली कांग्रेस शर्म करो" और "राहुल गांधी शर्म करो" जैसे नारे गूंजते रहे।

कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर उठाए सवाल

जब प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, तो उन्होंने दफ्तर को घेर लिया और अपना विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन का सबसे प्रतीकात्मक हिस्सा वह था, जब महिलाओं ने राहुल गांधी के प्रति अपना विरोध जताने के लिए उनके नाम पर चूड़ियां पेश कीं।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनीता राजेश सिंह और महानगर अध्यक्ष पूजा दीक्षित ने कहा कि जेएनयू की आंतरिक समिति की जांच के बाद सांसद बिमोल अकोईजाम को 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में बर्खास्त किया गया था, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने उन्हें पार्टी से बाहर नहीं किया। वहीं, जंतर-मंतर पर ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ राहुल गांधी का व्यवहार उनकी सामंती और महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व का चेहरा हमेशा महिला विरोधी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा बलात्कारियों और शोषण करने वालों के साथ खड़ी नजर आती है, लेकिन अब देश की नारी शक्ति जाग चुकी है और इस सच्चाई को उजागर कर रही है। इस प्रदर्शन में नम्रता चौरसिया, साधना वेदांती और प्रमिल पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और काशी की महिलाएं शामिल रहीं।

Share:

Comments

Leave a comment