बिजनौर: स्कूल जा रहे 11 वर्षीय छात्र को भैंसा गाड़ी ने रौंदा, मौके पर ही मौत

बिजनौर में स्कूल जा रहे कक्षा 6 के छात्र को भैंसा गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने अवैध खनन का आरोप लगाया है।

Sushant Singh16 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
बिजनौर: स्कूल जा रहे 11 वर्षीय छात्र को भैंसा गाड़ी ने रौंदा, मौके पर ही मौत

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे एक मासूम की जान सड़क हादसे में चली गई। कक्षा 6 में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र मयंक कुमार को एक तेज रफ्तार भैंसा गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मुख्तियारपुर का निवासी मयंक रोजाना की तरह पदारपुर जूनियर हाई स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। वह नजीबाबाद थाना क्षेत्र की साहनपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचा ही था कि तभी एक भैंसा गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम मयंक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने लगाया अवैध खनन का गंभीर आरोप

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि इलाके में भैंसा गाड़ियों के जरिए नदी से अवैध खनन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन पुलिस इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जिस भैंसा गाड़ी ने मयंक को टक्कर मारी, उसमें भी अवैध रेत भरी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भिजवा दिया। नजीबाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में छात्र की मौत हो गई है और पंचायतनामा भरकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment