BHU के वैज्ञानिकों का बड़ा खुलासा: भारत से थाईलैंड और इंडोनेशिया पहुंचे थे हमारे पूर्वज
BHU के वैज्ञानिकों ने DNA स्टडी से खुलासा किया कि कैसे हजारों साल पहले भारतीय उपमहाद्वीप से लोग थाईलैंड और इंडोनेशिया पहुंचे।

वाराणसी की बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के नेतृत्व में हुई एक अंतरराष्ट्रीय जेनेटिक स्टडी ने मानव इतिहास के पुराने नक्शों को बदल कर रख दिया है। इस शोध में यह सामने आया है कि हजारों साल पहले भारतीय उपमहाद्वीप से प्राचीन मानवों ने पलायन किया था और दक्षिण पूर्व एशिया के देशों, खासकर थाईलैंड और इंडोनेशिया में अपनी बस्तियां बसाई थीं। यह पूरी स्टडी 'मिटोकोंड्रियल DNA' के विश्लेषण पर आधारित है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी मां से बच्चों में जाता है।
अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जर्नल 'मिटोकोंड्रिया' में प्रकाशित यह शोध सात वैश्विक शोध केंद्रों के सहयोग से पूरा किया गया है। वैज्ञानिकों ने 'हैप्लोग्रुप R30' नामक एक विशिष्ट जेनेटिक क्लस्टर पर ध्यान केंद्रित किया। स्टडी के मुख्य लेखक शैलेश देसाई के अनुसार, यह खोज साबित करती है कि भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के बीच हजारों वर्षों तक निरंतर संपर्क रहा। यह कोई एक बार की घटना नहीं थी, बल्कि एक लंबी प्रक्रिया थी जिसने इन दो क्षेत्रों को आपस में जोड़ा।
45 हजार साल पहले शुरू हुआ था सफर
शोध के मुताबिक, R30 हैप्लोग्रुप की उत्पत्ति लगभग 50,000 साल पहले भारतीय उपमहाद्वीप में हुई थी। सबसे पहले यह उत्तर भारत में विकसित हुआ और करीब 45,500 साल पहले इस समूह की एक शाखा भारत से अलग होकर थाईलैंड पहुंची। इसके बाद, इसी DNA समूह की एक अन्य शाखा लगभग 27,000 साल पहले भारत से इंडोनेशिया की ओर बढ़ी।
BHU के जेनेटिसिस्ट प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे ने बताया कि दक्षिण पूर्व एशिया में प्रचलित इस बड़े हैप्लोग्रुप की जड़ें भारत में हैं। शोध यह भी बताता है कि जब अंतिम हिमयुग (Ice Age) अपने चरम पर था और बाद में जलवायु में सुधार हुआ, तब करीब 16,700 साल पहले उत्तर भारत के लोग बेहतर संसाधनों और मौसम की तलाश में दक्षिण भारत की ओर बढ़े। वहीं से उन्होंने दक्षिण तटीय मार्ग (Southern Coastal Route) के जरिए दक्षिण पूर्व एशिया की ऐतिहासिक यात्रा शुरू की।
इस निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए मंगलौर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर मुस्तक और उनकी टीम ने मुख्य भूमि और विभिन्न द्वीपों के 198 आधुनिक और प्राचीन DNA नमूनों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसमें लक्षद्वीप और श्रीलंका के नमूने भी शामिल थे।
स्टडी में यह भी पाया गया कि प्राचीन भारतीय लगभग 11,000 साल पहले श्रीलंका पहुंचे थे, लेकिन समुद्र का स्तर बढ़ने के कारण वे वहीं रह गए। वहीं, लक्षद्वीप के अमीनी और चेतलाट द्वीपों पर मानव बस्तियां करीब 5,400 साल पहले बसी थीं, जो कि अब तक के ऐतिहासिक अनुमानों से काफी पुराना समय है। यह शोध भारत को प्राचीन मानव प्रवासन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करता है।