भदोही के आकाश यादव ने JIPMER पुडुचेरी से MBBS पूरा कर रचा इतिहास, अब घर में खोलेंगे अस्पताल
भदोही के आकाश यादव ने पुडुचेरी के प्रतिष्ठित JIPMER संस्थान से MBBS पूरा कर जिले का नाम रोशन किया। अब वे अपने क्षेत्र में अस्पताल खोलना चाहते हैं।

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के एक छोटे से गांव के युवा ने अपनी मेहनत और लगन से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भदोही के दुर्गागंज इलाके के मिश्रैनपुर गांव के रहने वाले आकाश यादव ने पुडुचेरी के प्रतिष्ठित जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (JIPMER) से अपनी MBBS की डिग्री सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।
आकाश की इस सफलता के पीछे उनके पिता धर्म राज यादव का बड़ा संघर्ष और समर्थन रहा है। साल 2008 में धर्म राज यादव काम के सिलसिले में पुडुचेरी की इंटेग्रा सॉफ्टवेयर कंपनी में शामिल हुए थे, जिसके बाद पूरा परिवार वहां शिफ्ट हो गया। आकाश ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पुडुचेरी के आदित्य विद्याश्रम स्कूल से की, जहां उन्होंने 10वीं में 94 प्रतिशत और 12वीं में 93 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
NEET क्रैक कर JIPMER पहुंचे, अब MS की तैयारी
स्कूल की पढ़ाई के बाद आकाश ने एलन कोचिंग सेंटर से मार्गदर्शन लिया और कड़ी मेहनत के दम पर NEET परीक्षा पास की। इसके बाद साल 2020 में उन्हें JIPMER के MBBS प्रोग्राम में दाखिला मिला। हाल ही में JIPMER के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ऑडिटोरियम में आयोजित 15वें दीक्षांत समारोह के दौरान उन्हें उनकी डिग्री प्रदान की गई। वर्तमान में आकाश मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
आकाश और उनके परिवार का सपना केवल डिग्री हासिल करना नहीं है, बल्कि समाज को कुछ लौटाना भी है। उन्होंने योजना बनाई है कि वे अपने गृह जिले भदोही में एक अस्पताल की स्थापना करेंगे। इस अस्पताल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना होगा।
आकाश की इस कामयाबी की गूंज उनके पैतृक गांव मिश्रैनपुर में सुनाई दे रही है, जहां ग्रामीण और युवा उन्हें अपना आदर्श मान रहे हैं। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के उन छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का जज्बा रखते हैं।