ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में शूट होगी इंटरनेशनल फिल्म, सीएम धामी ने फिल्म दल से की मुलाकात

उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों और आध्यात्मिक माहौल में जल्द ही दुनिया के सबसे मशहूर म्यूजिक बैंड 'द बीटल्स' की कहानी पर्दे पर उतरेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिसमें ऋषिकेश में एक बड़े फिल्म प्रोजेक्ट की शूटिंग को लेकर चर्चा हुई। इस प्रोजेक्ट का नाम 'CLOVER' रखा गया है, जिसकी शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश के ऐतिहासिक चौरासी कुटिया, जिसे दुनिया 'बीटल्स आश्रम' के नाम से जानती है, में की जाएगी।
यह कोई साधारण फिल्म नहीं, बल्कि एक भव्य सिनेमाई आयोजन होने वाला है। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट और एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस कर रहा है। 'द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' नाम की इस सीरीज में बैंड के चारों सदस्यों के जीवन और उनके संगीत के सफर पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जाएंगी, जिन्हें अप्रैल 2028 में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
स्थानीय रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
फिल्म प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ऋषिकेश में होने वाली इस शूटिंग में 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय क्रू सदस्य और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा स्थानीय तकनीशियनों और सहायक कर्मचारियों की भी मदद ली जाएगी। भारत में इस प्रोडक्शन का ऑन-ग्राउंड समन्वय 'ऑन द रोड इंडिया' द्वारा किया जा रहा है। इस बड़े प्रोजेक्ट से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के होटलों, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में भी भारी उछाल आने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक विरासत के कारण फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बन चुका है। राज्य की 'फिल्म नीति 2024' के तहत फिल्मकारों को हर संभव सुविधा और अनुकूल माहौल दिया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऋषिकेश की वैश्विक पहचान योग और आध्यात्मिकता से है और बीटल्स का इस शहर से एक ऐतिहासिक रिश्ता रहा है। ऐसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया भर में नई पहचान मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा (BAFTA) नामांकित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थे।