बाराबंकी: BDO संजीव गुप्ता की भावुक विदाई, सीतापुर जिले में हुआ तबादला
बाराबंकी के सिरौली गौसपुर BDO संजीव गुप्ता का तबादला सीतापुर हुआ। विदाई समारोह में कर्मचारियों ने नम आंखों से दी विदाई।

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के बीच बाराबंकी जिले के सिरौली गौसपुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (BDO) संजीव गुप्ता का तबादला हो गया है। अब उन्हें सीतापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस खबर के बाद ब्लॉक कार्यालय में माहौल काफी भावुक हो गया और उनके कार्यकाल के समापन पर एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
संजीव गुप्ता ने जुलाई 2025 में अदिति श्रीवास्तव का स्थान लेते हुए सिरौली गौसपुर का कार्यभार संभाला था। 16 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक सूची के तहत उनका स्थानांतरण किया गया है। बता दें कि यह बदलाव राज्य स्तर पर किए गए एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है, जिसमें आईएएस और पीसीएस स्तर के 200 से अधिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
सहकर्मियों ने याद किए कार्यकाल के सुनहरे पल
सिरौली गौसपुर ब्लॉक के ऑडिटोरियम में आयोजित विदाई समारोह के दौरान ब्लॉक स्टाफ और ग्राम विकास अधिकारियों ने संजीव गुप्ता के काम की जमकर सराहना की। सचिव संघ के अध्यक्ष कुलदीप वर्मा ने उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर राजेश कुमार, मनोज मिश्रा, सतीश, विवेक, सुरेश, रवि और तेजभान समेत बड़ी संख्या में पंचायत और विकास अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि संजीव गुप्ता के नेतृत्व में ब्लॉक के कार्यों में सकारात्मक बदलाव आए। विदाई की घड़ी में कई सहकर्मी भावुक नजर आए और उन्होंने गुप्ता के साथ बिताए समय को यादगार बताया।