बस्ती: लापता युवक रोहित का मिला कंकाल, कपड़ों से हुई पहचान, अब DNA टेस्ट का इंतज़ार
बस्ती के कुआनो नदी किनारे मिला लापता युवक रोहित का कंकाल। परिजनों ने कपड़ों से की पहचान, पुलिस अब DNA टेस्ट कराएगी।

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पिछले करीब डेढ़ महीने से लापता 24 वर्षीय युवक रोहित का कंकाल कुआनो नदी के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, रोहित बस्ती के तिनच इलाके में कुआनो नदी के पास मिला। सबसे पहले वहां मछली पकड़ने आए मछुआरों की नजर झाड़ियों में पड़े अवशेषों पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जब रोहित का छोटा भाई मौके पर पहुंचा, तो उसने कंकाल के पास पड़े कपड़ों को देखकर उसे अपने भाई का बताया। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल कपड़ों के आधार पर पहचान पुख्ता नहीं की जा सकती, इसलिए आधिकारिक पुष्टि के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा।
लापता होने से पहले बेचैन था युवक
रोहित बस्ती के गौर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव का रहने वाला था। वह प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और हाल ही में अपने गांव लौटा था। परिजनों ने बताया कि 8 अक्टूबर को वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। काफी तलाश के बाद जब वह नहीं मिला, तो गौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
रोहित के पिता ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि घर छोड़ने से कुछ दिन पहले रोहित काफी बेचैन दिख रहा था। जिस दिन वह गायब हुआ, उससे ठीक पहले उसे किसी अनजान व्यक्ति का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकला और फिर कभी वापस नहीं आया। अब पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या वह फोन कॉल उसकी मौत की वजह बना या इसके पीछे कोई और साजिश है।