बस्ती: दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, DIG और DM ने देर रात जांची सुरक्षा व्यवस्था

दुर्गा पूजा और आगामी मेलों के दौरान कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए बस्ती जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 21 और 22 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का गहन निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण अभियान का नेतृत्व DIG बस्ती रेंज संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने किया। अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले कलवारी थाना क्षेत्र के केवचा घाट का दौरा किया, जहां मूर्तियों का विसर्जन किया जाना है। विसर्जन स्थल पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए अधिकारियों ने कड़े निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान हाई अलर्ट मोड में रहा जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी के निर्देश
केवचा घाट के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के मुख्य चौराहों, मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले रास्तों का दौरा किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि पूरे उत्सव के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत रखा जाएगा ताकि आम जनता को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। साथ ही, यह भी कहा गया है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।