बस्ती: छठ महापर्व को लेकर अमहट घाट पर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने जांची तैयारियां

बस्ती के अमहट घाट पर छठ पूजा की तैयारियों को लेकर डीएम और डीआईजी समेत कई बड़े अधिकारियों ने सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया।

Shubham Singh15 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
बस्ती: छठ महापर्व को लेकर अमहट घाट पर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने जांची तैयारियां

बस्ती जिले के प्रसिद्ध अमहट घाट पर छठ महापर्व की धूम शुरू हो गई है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और पूरा माहौल छठी मैया के भक्ति गीतों से गूंज उठा है। इस महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की एक बड़ी टीम ने अमहट घाट का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण टीम में मंडल आयुक्त वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत कई आला अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, रोशनी, साफ-सफाई, पीने के पानी और चिकित्सा सहायता जैसी बुनियादी सुविधाओं की जांच की। साथ ही ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर भी रणनीति बनाई गई ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।

सुरक्षा और सफाई पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत की और व्यवस्थाओं के बारे में उनका फीडबैक लिया। मंडल आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सख्त निर्देश दिए कि गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरती जाए और पुलिस बल लगातार निगरानी रखे। वहीं, डीआईजी संजीव त्यागी ने सुरक्षा बलों को अलर्ट रहने और भीड़ नियंत्रण पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने नगर पालिका को निर्देश दिए कि घाटों पर साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण टीम में सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम ज्ञानचंद गुप्ता, कीर्ति प्रकाश भारती, एएसपी श्यामकांत और अन्य स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की इन तैयारियों से श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया है।

Share:

Comments

Leave a comment