बरेली: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, खेत में मिला युवक का शव; इंस्टाग्राम स्टोरी ने बदला केस
बरेली में शादी की तैयारियों के बीच 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला। इंस्टाग्राम स्टोरी के एक वीडियो ने अब मामले में नया मोड़ ला दिया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, लेकिन अचानक वहां मातम पसर गया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाह नगर में शनिवार सुबह एक खाली खेत में 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी भूपराम मौर्य के बड़े बेटे मिथुन मौर्य के रूप में हुई है।
हैरानी की बात यह है कि जिस दिन मिथुन का शव मिला, उसी दिन उसके छोटे भाई की शादी थी। घर में बारात जाने की तैयारियां चल रही थीं और पूरा परिवार खुशियों में डूबा था, लेकिन जैसे ही मिथुन की मौत की खबर पहुंची, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मिथुन के सिर में गोली लगी थी, जिसे देखकर शुरुआती तौर पर यह मामला हत्या का लग रहा था।
इंस्टाग्राम स्टोरी से खुला राज
इस गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को एक अहम सुराग मिथुन की बाइक से मिला। घटनास्थल पर खड़ी उसकी काली स्प्लेंडर बाइक की टंकी पर एक इंस्टाग्राम आईडी लिखी हुई थी। जब पुलिस ने उस सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की, तो एक चौंकाने वाली बात सामने आई।
मृत्यु से करीब 21 घंटे पहले मिथुन ने एक स्टोरी पोस्ट की थी, जिसमें एक जलती हुई चिता का वीडियो था। इस वीडियो के साथ उसने लिखा था, 'ये मैं आखिरी हूं... मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा।' इस पोस्ट के सामने आने के बाद अब पुलिस इस मामले को अलग नजरिए से देख रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस और सीओ सेकेंड नितिन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया एक्टिविटी के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वाकई आत्महत्या है या फिर किसी ने साजिश के तहत इसे आत्महत्या का रूप दिया है। फिलहाल, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।