बरेली: बंद रेलवे फाटक पार करने की कोशिश बनी काल, ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के गौंसगंज रेलवे क्रॉसिंग पर एक युवक की लापरवाही और जल्दबाजी उसे महंगी पड़ गई। बंद रेलवे फाटक को पार करने की कोशिश में एक बाइक सवार युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार की शाम फरीदपुर थाना क्षेत्र में घटित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे बरेली-प्रयागराज ट्रेन के गुजरने के बाद गौंसगंज रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद कर दिया गया था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने बंद फाटक के बावजूद पटरी पार करने का जोखिम उठाया। वह जैसे ही पटरियों के बीच पहुँचा, तभी दूसरी दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पहचान और पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँचे फरीदपुर पुलिस ने युवक के पास मौजूद सामान की तलाशी ली, जिसमें एक आधार कार्ड मिला। इसके जरिए मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुरजीत के रूप में हुई, जो औनला के अतरछेडि का निवासी था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से सुरजीत के परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।