बरेली: खरीद केंद्रों के आवंटन में बड़ा खेल, रिश्वत के दम पर हुई अवैध पोस्टिंग
बरेली मंडल के खाद्य आपूर्ति विभाग में रिश्वत के दम पर खरीद केंद्रों के आवंटन और अवैध पोस्टिंग का बड़ा मामला सामने आया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली मंडल में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के भीतर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि मंडल स्तर के अधिकारियों ने सरकार के स्पष्ट निर्देशों को ताक पर रखकर और जिलाधिकारियों को अंधेरे में रखकर खरीद केंद्रों के आवंटन और कर्मचारियों की तैनाती में भारी अनियमितताएं की हैं। इस पूरे खेल में कथित तौर पर भारी रिश्वतखोरी का बोलबाला है, जहां मेरिट के बजाय पैसों के दम पर 'मलाईदार' केंद्रों का वितरण किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि मार्च 2021 में उत्तर प्रदेश सरकार के अवर सचिव प्रेमेंद्र कुमार गुप्ता ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए थे। सरकारी आदेशों के मुताबिक, जिले के भीतर पोस्टिंग का अधिकार केवल जिलाधिकारी (DM) के पास होता है। लेकिन आरोप है कि क्षेत्रीय विपणन अधिकारी (RMO) के संरक्षण में विभागीय अधिकारियों ने 'स्टाफ डिप्लॉयमेंट' के नियमों की आड़ लेकर इन आदेशों को दरकिनार कर दिया और अपनी मनमर्जी से नियुक्तियां कीं।
बरेली और पीलीभीत के बीच नियमों की अनदेखी
इस घोटाले का सबसे चौंकाने वाला पहलू बरेली और पीलीभीत जिलों के बीच हुआ हेरफेर है। बताया जा रहा है कि बरेली के क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक (RFC) कार्यालय से पांच सहायक क्लर्कों—नीतू सिंह, वैशाली, अभिषेक शर्मा, निपेंद्र सागर और करतार सिंह—की तैनाती के लिए बरेली डीएम से मंजूरी ली गई थी। नियमों के अनुसार, इन पांचों की पोस्टिंग बरेली में ही होनी चाहिए थी।
हालांकि, कागजों पर मंजूरी लेने के बाद अधिकारियों ने खेल खेला। तीन क्लर्कों को तो बरेली में तैनात किया गया, लेकिन निपेंद्र सागर और करतार सिंह को बरेली डीएम को बिना बताए पीलीभीत मंडी के चार खरीद केंद्रों पर भेज दिया गया। नियमानुसार, पीलीभीत में तैनाती के लिए वहां के जिलाधिकारी की अनुमति अनिवार्य थी, जिसे पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।
विभागीय गलियारों में यह चर्चा आम है कि यह पूरा सिंडिकेट बरेली के एक रसूखदार वरिष्ठ अधिकारी के संरक्षण में चल रहा है। जो भी कर्मचारी इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करता है, उसे दबा दिया जाता है। खरीद केंद्रों के प्रभारियों का कहना है कि विभाग से पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और अब केंद्रों का आवंटन केवल रिश्वत की रकम के आधार पर हो रहा है। अब देखना यह है कि उच्च अधिकारी इस गंभीर अनियमितता पर क्या एक्शन लेते हैं।