बरेली: किन्नरों के संपर्क में आए युवक का कथित बधियाकरण, परिवार ने लगाया गंभीर आरोप
बरेली के फरीदपुर में एक युवक के कथित बधियाकरण का मामला सामने आया है। परिवार ने जबरन किन्नर बनाने का आरोप लगाया है, जबकि युवक कुछ और ही कह रहा है।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक के कथित तौर पर बधियाकरण (castration) की खबर ने स्थानीय लोगों में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद पीड़ित के परिवार ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक पिछले करीब दो साल से फरीदपुर क्षेत्र के ही एक किन्नर के संपर्क में था। परिवार का कहना है कि इस दौरान युवक के व्यवहार और रहन-सहन में काफी बदलाव आने लगे थे। वह लंबे बाल रखने लगा था और अक्सर महिलाओं जैसे कपड़े पहनने लगा था, जिससे परिवार को शक तो था लेकिन मामला इतना गंभीर हो जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। परिवार का आरोप है कि गुरुवार को किन्नर समुदाय के कुछ लोगों ने युवक का बधियाकरण कर दिया और घाव पर टांके भी लगा दिए।
मेडिकल जांच में पुष्टि, पुलिस उलझन में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चोट की पुष्टि की और घाव पर दोबारा टांके लगाकर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल स्टाफ के अनुसार, यह चोट अस्पताल पहुंचने से करीब चार-पांच घंटे पहले लगी थी और मरीज को विशेषज्ञ सर्जिकल इलाज की जरूरत है।
हालांकि, इस मामले में एक बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की। फरीदपुर के सीओ संदीप सिंह ने बताया कि जहां परिवार का आरोप है कि युवक को जबरन किन्नर बनाने के लिए यह सब किया गया, वहीं पीड़ित युवक ने इस बात से इनकार किया है कि यह काम उसकी मर्जी के खिलाफ हुआ। अब पुलिस पीड़ित और उसके परिवार के विरोधाभासी बयानों के बीच सच का पता लगाने में जुटी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।