बरेली: घर की सफाई के दौरान सांप ने काटा, युवक कंटेनर में जिंदा सांप लेकर पहुंचा अस्पताल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को सांप ने काट लिया, लेकिन उसने घबराने के बजाय जो किया, उसे देखकर डॉक्टर भी दंग रह गए। युवक न केवल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा, बल्कि अपने साथ एक प्लास्टिक कंटेनर में उस जिंदा सांप को भी ले आया जिसने उसे काटा था।
घटना सीबी गंज इलाके के खडाउवा गांव की है। यहां रहने वाला 26 वर्षीय पवन, जो एक पेट्रोल पंप पर काम करता है, त्योहारों की तैयारी में जुटा था। वह अपने घर की साफ-सफाई कर रहा था और मलबे व कचरे को हटा रहा था। इसी दौरान जैसे ही उसने कचरे के ढेर को हटाया, उसके दाहिने हाथ की उंगली में तेज दर्द महसूस हुआ। जब उसने देखा तो वहां एक सांप छिपा बैठा था, जिसने उसे काट लिया था।
डॉक्टरों के उड़े होश, युवक ने पूछा- क्या यह जहरीला है?
सांप के काटने के बाद पवन के परिवार वाले उसे तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि पवन ने उस सांप को पकड़ा और एक प्लास्टिक कंटेनर में बंद कर लिया। अस्पताल पहुंचते ही उसने वह कंटेनर डॉक्टरों के सामने रखा और उनसे पूछा कि क्या यह सांप जहरीला है? अस्पताल में मौजूद मेडिकल स्टाफ और अन्य लोग कंटेनर में जिंदा सांप को देखकर सन्न रह गए।
डॉक्टरों ने बिना देर किए पवन का इलाज शुरू किया। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने के कारण पवन की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।