बरेली: महिलाओं पर अश्लील कमेंट करने वाला शख्स गिरफ्तार, एंटी रोमियो स्क्वॉड ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मीरगंज थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ छेड़खानी और अश्लील टिप्पणियां करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वॉड ने धर दबोचा है। आरोपी की इस हरकत से इलाके की महिलाएं काफी परेशान थीं।
घटना सोमवार दोपहर की है। महिला सब-इंस्पेक्टर रेनू रानी अपनी टीम के साथ गश्त पर थीं, तभी उन्हें सूचना मिली कि सिंदौली गांव के जीपीएस इंटर कॉलेज के पास एक व्यक्ति वहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा है और अश्लील कमेंट्स कर रहा है। पुलिस ने बिना समय गंवाए तुरंत घेराबंदी की और दोपहर करीब 2 बजे संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के पटना (बेली रोड, ब्रह्मस्थली) का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल वह सिंदौली गांव में आईटीआई कॉलेज के पास रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, संतोष कुमार की गंदी टिप्पणियों के कारण स्थानीय महिलाएं काफी मानसिक तनाव और डर महसूस कर रही थीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मीरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर नंबर 488/26 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।