बरेली कोर्ट ने दो भाइयों को हत्या के केस से किया बरी, शिकायतकर्ता पर होगी कार्रवाई
बरेली कोर्ट ने 2018 के मर्डर केस में दो भाइयों को बरी कर दिया है। साथ ही झूठी शिकायत करने वाले शिकायतकर्ता पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक अदालत ने आठ साल तक चले कानूनी संघर्ष के बाद दो भाइयों को हत्या के गंभीर आरोपों से मुक्त कर दिया है। कोर्ट ने सुरेश और प्रवेश नाम के इन दोनों भाइयों को बरी करते हुए यह माना कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले। इतना ही नहीं, अदालत ने इस मामले में झूठी शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का भी कड़ा आदेश दिया है।
यह पूरा मामला साल 2018 का है। 15 मई 2018 की रात को 22 वर्षीय धर्मेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। धर्मेंद्र के सिर पर ईंटों और टाइल्स से वार किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर और चेहरे पर पांच अलग-अलग चोटों की पुष्टि हुई थी। अत्यधिक खून बहने के कारण वह कोमा में चला गया और अंततः उसकी मृत्यु हो गई।
बीमा राशि के विवाद ने लिया था हिंसक मोड़
इस हत्याकांड की शिकायत धर्मेंद्र के भतीजे जितेंद्र ने दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, विवाद की जड़ करीब आठ लाख रुपये की बीमा राशि थी। बताया गया कि सुरेश और प्रवेश के पिता चदम्मी लाल की एक साल पहले दुर्घटना में मौत हो गई थी, जिसके बाद मिली बीमा राशि के बंटवारे को लेकर परिवार में तनातनी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में आठ गवाह पेश किए, लेकिन इनमें से एक भी गवाह ऐसा नहीं था जिसने अपनी आंखों से वारदात को होते देखा हो। प्रत्यक्ष प्रमाणों की भारी कमी को देखते हुए अपर सत्र न्यायाधीश (दसवें) राघवेंद्र मणि ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आरोपी भाइयों के खिलाफ कोई सीधा सबूत नहीं मिला है, इसलिए उन्हें बरी किया जाता है। साथ ही, कोर्ट ने जितेंद्र को झूठे आरोप लगाने का दोषी मानते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।