बाराबंकी: प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव उसकी प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब सोशल मीडिया पर मोहित का एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में मोहित ने अपनी प्रेमिका के माता-पिता, भाई और दो मामा पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे और अपनी जान देने की धमकी दी थी। जैसे ही यह वीडियो गांव के प्रधान तक पहुंचा, उन्होंने तुरंत मोहित के परिवार को सूचित किया। परिजनों ने मोहित से संपर्क करने की बहुत कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला और मंगलवार सुबह उसका शव बरामद हुआ।
परिजनों ने जताया हत्या का शक, पुलिस जांच में जुटी
मोहित के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और बाद में शव को इस तरह लटकाया गया ताकि यह आत्महत्या जैसा लगे। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था, जिसे करीब 15 दिन पहले फतेहपुर थाने में सुलझाया गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को प्रेमिका के घर पर गोद भराई की रस्म होनी थी, वहीं सोमवार को मोहित के अपने घर पर मुंडन का कार्यक्रम था, जिसमें वह शामिल नहीं हुआ था। पुलिस अब मोहित के मोबाइल फोन और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।