बाराबंकी सड़क हादसा: भंडारे से लौट रहे 4 दोस्तों को सफारी ने रौंदा, 3 की दर्दनाक मौत
बाराबंकी में दुर्गा पूजा भंडारे से लौट रहे चार दोस्तों को तेज रफ्तार सफारी ने रौंदा, 3 की मौके पर मौत, एक गंभीर।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक भीषण बाराबंकी सड़क हादसा सामने आया है, जिसने एक ही पल में चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। रविवार को दुर्गा पूजा के अवसर पर सामुदायिक भंडारे में शामिल होकर लौट रहे चार दोस्त तेज रफ्तार टाटा सफारी की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोस्त हवा में उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत रामसनेही घाट के दलसिंहपुर निवासी चार दोस्त दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर धरौली में आयोजित दुर्गा पूजा भंडारे से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बैसनपुरवा मोड़ से हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक डिस्कवर मोटरसाइकिल सफारी के नीचे दब गई, जबकि युवक सड़क किनारे झाड़ियों और दूर जा गिरे।
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटा
हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान 26 वर्षीय अनूप कुमार रावत, 22 वर्षीय विमलेश यादव और 23 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही जान चली गई। वहीं, 30 वर्षीय बुच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। इस घटना के बाद दलसिंहपुर गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और टाटा सफारी को कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री सतीश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।