बाराबंकी: मंडी में गंदगी देख भड़के डायरेक्टर, सचिव के खिलाफ कार्रवाई के आदेश
बाराबंकी मंडी में गंदगी और लापरवाही देख भड़के डायरेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह, सचिव और अधिकारियों को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं है। राज्य कृषि उपज मंडी परिषद के डायरेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने जब बाराबंकी के नवीन मंडी स्थल का औचक निरीक्षण किया, तो वहां की बदहाली देखकर उनका पारा चढ़ गया। मंडी में फैली गंदगी और अधूरे कामों को देख डायरेक्टर ने मंडी सचिव इंद्रेश प्रताप की जमकर क्लास लगाई और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान डायरेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने पाया कि मंडी में साफ-सफाई का बुरा हाल है। नालियों की मरम्मत का काम अधूरा पड़ा है और कचरे के निपटान की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि 'स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी' अभियान पिछले डेढ़ महीने से चल रहा है, लेकिन जमीन पर इसका कोई असर नहीं दिखा। यहां तक कि पेड़ों की पुताई जैसे छोटे काम भी पूरे नहीं किए गए थे।
बजट के नाम पर बहानेबाजी, अधिकारियों पर गिरी गाज
जांच में यह बात सामने आई कि बाराबंकी के ए-प्लस कैटेगरी वाले इस नवीन मंडी स्थल के सौंदर्यीकरण और सफाई के लिए 8 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। लेकिन बजट रिलीज होने में देरी और मंडी सचिव की ढिलाई की वजह से काम अधूरा रह गया। इस लापरवाही पर डायरेक्टर ने न केवल मंडी सचिव, बल्कि अयोध्या के उप निदेशक (प्रशासन विपणन) अमित कुमार को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
बाराबंकी के बाद डायरेक्टर ने लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर स्थित सफदरगंज की नवीन मंडी का भी दौरा किया। वहां सड़कों पर गहरे गड्ढे देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अयोध्या के उप निदेशक (निर्माण) श्याम सिंह और स्थानीय मंडी सचिव को फटकार लगाते हुए तुरंत मरम्मत कार्य पूरा करने को कहा, ताकि किसानों और व्यापारियों को परेशानी न हो।
डायरेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का रखरखाव अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ कर दिया कि यदि भविष्य में काम की गुणवत्ता में कमी पाई गई या कार्यों में देरी हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।