बाराबंकी: परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध ऑटो स्टैंड हटाए और 33 वाहनों के काटे चालान

बाराबanki परिवहन विभाग ने रोड सेफ्टी फोर्टनाइट के तहत अवैध ऑटो स्टैंड हटाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले 33 वाहनों का चालान किया।

Sushant Singh26 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
बाराबंकी: परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध ऑटो स्टैंड हटाए और 33 वाहनों के काटे चालान

बाराबंकी में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने कमर कस ली है। 'रोड सेफ्टी फोर्टनाइट' (सड़क सुरक्षा पखवाड़ा) के तहत विभाग की प्रवर्तन टीम ने नेशनल हाईवे और शहर के विभिन्न मार्गों पर जोरदार अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया, बल्कि शहर के बीचों-बीच चल रहे अवैध ऑटो स्टैंड्स को भी पूरी तरह साफ कर दिया गया।

परिवहन विभाग की इस मुहिम में नियमों की अनदेखी करने वाले 33 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 10 वाहनों को जब्त कर पुलिस थानों में खड़ा करा दिया गया है। जांच के दौरान कई वाहन बिना टैक्स, फिटनेस और परमिट के चलते पाए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग, बीमा का न होना, ट्रिपल राइडिंग, शीशों पर ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे गंभीर मामले सामने आए, जिस पर टीम ने सख्त कार्रवाई की।

नो-पार्किंग जोन और अवैध स्टैंड्स पर चला डंडा

सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अमिताभ राय ने बताया कि पैसेंजर गुड्स टैक्स ऑफिसर रवि चंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने मालवाहक और यात्री वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की। टीम ने सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया।

इतना ही नहीं, एआरटीओ प्रशासन अमिताभ राय और ट्रैफिक इंचार्ज रम्यतन यादव की संयुक्त टीम ने शहर के महत्वपूर्ण इलाकों में दबिश दी। इस दौरान पटेल चौराहे, चुनाव कार्यालय और सीडीओ आवास के पास संचालित हो रहे अवैध ऑटो स्टैंड्स को हटाकर रास्ता साफ कराया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे अपने टैक्स, फिटनेस, परमिट और बीमा जैसे जरूरी कागजात अपडेट रखें और सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें ताकि यात्रा सुरक्षित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment