बाराबंकी: घाघरा नदी पर छह लेन के केबल ब्रिज का काम फिर शुरू, बाढ़ के बाद लौटे मजदूर

बाराबंकी: घाघरा नदी पर छह लेन के केबल ब्रिज का काम फिर शुरू, बाढ़ के बाद लौटे मजदूर

लखनऊ-बहराइच नेशनल हाईवे पर रामनगर तहसील में घाघरा नदी पर बनने वाले छह लेन के केबल ब्रिज के निर्माण में एक बार फिर रफ्तार आई है। नदी का जलस्तर घटने के बाद अब इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का काम दोबारा शुरू कर दिया गया है। यह पुल एल्गिन ब्रिज-संजय सेतु के पास बनाया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में यातायात काफी सुगम हो जाएगा।

बता दें कि घाघरा नदी में आई भीषण बाढ़ की वजह से इस प्रोजेक्ट में दो बार रुकावट आई थी। पानी का स्तर इतना बढ़ गया था कि निर्माण एजेंसियों को काम रोकना पड़ा और भारी मशीनें साइट पर ही बेकार खड़ी रह गईं। लेकिन अब जब पानी कम हुआ है, तो गुरुवार से एक बार फिर पाइलिंग का काम शुरू कर दिया गया है। खास बात यह है कि नदी के बीच में नावों पर जनरेटर लगाकर काम किया जा रहा है।

मिट्टी की जांच और तकनीकी तैयारी तेज

पुल के निर्माण को मजबूती देने के लिए तकनीकी टीमें नदी के तल में मिट्टी की जांच (Soil Testing) कर रही हैं। इस जांच से यह पता लगाया जाएगा कि नदी की मिट्टी की क्षमता और संरचना कैसी है, ताकि उसी के आधार पर ब्रिज के डिजाइन और इंजीनियरिंग की बारीकियों को तय किया जा सके। इससे पहले, नदी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए मजदूरों ने बांस के खंभों और रेत की बोरियों से अस्थायी तटबंध बनाए थे।

प्रोजेक्ट मैनेजर विनायक और PNC लीजिंग ऑफिसर शिवेंद्र सिंह ने बताया कि बाढ़ और बढ़ते जलस्तर की वजह से काम में काफी बाधाएं आईं, लेकिन जैसे ही पानी कम हुआ, मशीनों और कर्मियों को तुरंत दोबारा तैनात कर दिया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि इस छह लेन के केबल ब्रिज को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। अब पाइलिंग और मिट्टी की जांच के साथ प्रोजेक्ट के अगले चरणों की तैयारी तेज हो गई है।

Share:

Comments

Leave a comment