बाराबंकी: दिवाली मनाने जा रहे परिवार की कार और गैस टैंकर में जोरदार भिड़ंत, 7 लोग घायल
बाराबंकी में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर कार और LPG टैंकर की भीषण टक्कर हुई, जिसमें दिवाली मनाने जा रहे एक ही परिवार के 7 सदस्य घायल हो गए।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां लखनऊ-बहराइच नेशनल हाईवे पर एक कार और LPG गैस टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के सात सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसा शनिवार सुबह नयागांव के पास एक CNG पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बंगला बाजार के रहने वाले यह परिवार अपनी कार (BR 06 CS 6658) से दिवाली मनाने के लिए गोंडा जा रहा था। बताया जा रहा है कि नयागांव के पास कार चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी बहराइच की दिशा से आ रहे एक खाली LPG टैंकर (NL 01 AA 0004) से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।
अस्पताल में भर्ती घायल, कुछ की हालत नाजुक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मसौली पुलिस मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए बाराबंकी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 75 वर्षीय शकुंतला देवी, सुधीर वर्मा (53), प्रोफेसर कंचन लता (50), रंजना वर्मा (45) और तीन बच्चे—सोना (6), हार्दिक वर्मा (12) और मनीषा वर्मा (9) शामिल हैं। परिवार के बड़े बेटे लवकुश वर्मा ने पुष्टि की कि पूरा परिवार त्योहार मनाने गोंडा जा रहा था।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेके महामाया ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है, लेकिन कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया जा सकता है। राहत की बात यह रही कि टक्कर के समय गैस टैंकर खाली था, जिससे किसी बड़े धमाके या गैस रिसाव की घटना नहीं हुई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर बहाल कराया।