बाराबंकी: आनंद भवन स्कूल के पास टूटा पुल और ट्रैफिक जाम, लोगों ने डीएम से मांगी मदद
बाराबंकी में टूटे पुल और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान। स्कूल बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम से लगाई गुहार।

बाराबंकी शहर के बस स्टेशन से देवा-फतेहपुर रोड तक का सफर इन दिनों स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। आनंद भवन स्कूल के ठीक सामने स्थित एक पुलिया पिछले करीब एक साल से टूटी हुई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थिति इतनी खराब है कि यहां से गुजरने वाले कई ई-रिक्शा पलट चुके हैं, जिनमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
खतरे में बच्चों की सुरक्षा, प्रशासन मौन
समस्या सिर्फ टूटी पुलिया तक सीमित नहीं है। पुलिस लाइन चौराहे से आनंद भवन स्कूल तक सड़क किनारे फलों के ठेले सज चुके हैं, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। ऊपर से वाहनों की तेज रफ्तार इस खतरे को और बढ़ा देती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बस स्टेशन से रेलवे ओवरब्रिज तक का इलाका भारी वाहनों के दबाव के कारण हमेशा जाम की चपेट में रहता है।
हैरानी की बात यह है कि पूर्व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इस क्षेत्र को 'नो-वेंडिंग जोन' घोषित किया था और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए थे कि फलों के ठेलों को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट किया जाए। लेकिन समय बीतने के बाद भी इन आदेशों को जमीन पर नहीं उतारा गया।
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए बार-बार आवाज उठाने के बावजूद प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बस स्टेशन और ओवरब्रिज के बीच स्पीड ब्रेकर न होने से गाड़ियां बेलगाम दौड़ती हैं, जिससे स्कूली बच्चों की जान जोखिम में रहती है। अब परेशान लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लोक निर्माण विभाग (PWD) से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगवाने की मांग की है। साथ ही, ठेलों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की अपील की गई है ताकि आम जनता और छात्रों को इस जाम और खतरे से मुक्ति मिल सके।