बांदा: दीपावली मनाकर घर लौटा था राजू, रात में पत्नी से मांगा पानी और सुबह मिला मृत
बांदा के रानीपुर गांव में पुणे से लौटे राजू की संदिग्ध मौत से परिवार में मातम। शराब पीने के बाद चारपाई पर मिला मृत शरीर।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। पुणे में रहकर अपने परिवार का पेट पालने वाला 38 वर्षीय राजू, जो त्योहार मनाने अपने गांव आया था, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस घर में कुछ दिन पहले तक रोशनी और रौनक थी, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है।
घटना कमासिन थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव स्थित मछवाही पुरवा की है। राजू पुणे में पेंटिंग का काम करता था और दीपावली की छुट्टियां बिताकर बुधवार को वापस काम पर लौटने वाला था। परिजनों ने बताया कि राजू ने दोपहर में खाना खाया और निकलने की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन किसी कारणवश वह वापस लौट आया।
शराब पीने के बाद सो गया था राजू
बताया जा रहा है कि बुधवार की रात एक युवक राजू को शराब पीने के लिए ले गया था। नशे की हालत में जब वह घर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी तुलसा से पानी मांगा और फिर चारपाई पर सो गया। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि यह राजू की जिंदगी की आखिरी रात होगी। सुबह जब काफी देर तक राजू नहीं जागा, तो उसकी पत्नी ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे बांदा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का अनुमान है कि अत्यधिक शराब के सेवन के कारण उसकी मौत हुई होगी, हालांकि असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक हंसता-खेलता परिवार अब अपने कमाऊ सदस्य को खोने के गम में डूबा हुआ है।