बांदा: केन नदी के तेज बहाव में नाव समेत बहा शख्स, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां केन नदी के उफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रविवार सुबह पैलानी थाना क्षेत्र के कुकवा खास गांव में एक 35 वर्षीय व्यक्ति अपनी नाव के साथ नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसे का शिकार हुए व्यक्ति की पहचान भवानी शंकर के पुत्र जंग बहादुर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जंग बहादुर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अपनी नाव पर ही सो रहा था। इसी दौरान अचानक केन नदी का जलस्तर बढ़ गया और पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि वह अपनी नाव के साथ नदी में बह गया। जब सुबह तक वह किनारे पर नहीं दिखा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि वह नदी की लहरों की चपेट में आ गया है।
प्रशासनिक अमला और गोताखोर मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमेश निषाद ने पुलिस और राजस्व विभाग को अलर्ट किया। सूचना पाकर पैलानी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत खोजबीन शुरू की। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया, लेकिन नदी का करंट इतना ज्यादा है कि रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से पैलानी एसडीएम भूपेंद्र सिंह, तहसीलदार महेंद्र गुप्ता और नायब तहसीलदार वेद प्रकाश ने पुष्टि की है कि बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मौके पर PAC बटालियन के जवान पहुंच चुके हैं और जल्द ही NDRF की टीम को भी घटनास्थल पर भेजने की तैयारी की जा रही है।
जंग बहादुर अपने पिता भवानी शंकर का दूसरा बड़ा बेटा है। इस हादसे के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और नदी के किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं, जो उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जंग बहादुर सुरक्षित मिल जाए।