बांदा: संपत्ति विवाद में रिश्तों का कत्ल, पोते ने दादा का गला दबाकर की हत्या, गिरफ्तार
बांदा में संपत्ति चाचा-चाची के नाम होने से नाराज पोते ने अपने ही दादा की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां लालच और नाराजगी ने खून के रिश्तों को तार-तार कर दिया। कालूकुआं इलाके में एक पोते ने अपने ही 80 वर्षीय दादा की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह संपत्ति का बंटवारा बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है और मामले का खुलासा किया है।
यह पूरा मामला 24 और 25 नवंबर की दरमियानी रात का है, जब लल्ला राजपूत नाम के बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गठित टीमों ने जब सबूत जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ की, तो शक की सुई मृतक के पोते राहुल की तरफ घूमी।
संपत्ति के लालच में पेन से किया वार
पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी राहुल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह इस बात से बेहद नाराज था कि उसके दादा ने अपनी संपत्ति उसके चाचा और चाची के नाम कर दी थी। इसी गुस्से और लालच में उसने खौफनाक साजिश रची। रात के अंधेरे में जब दादा सो रहे थे, तब राहुल ने पहले उनका गला दबाया और जब उन्हें यकीन हो गया कि उनकी मौत हो गई है, तो पास में रखे एक पेन से उनकी गर्दन पर वार किया ताकि हत्या की पुष्टि हो सके।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया पेन और खून से सनी उसकी शर्ट बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है कि कैसे एक पोता अपने ही दादा की जान लेने से नहीं हिचकिचाया।