बांदा: बहू को प्रेमी के साथ देख भड़का ससुर, लोहे की रॉड से हमला कर ली जान
बांदा के चौसड़ गांव में बहू और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देख ससुर ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिसमें प्रेमी की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ससुर ने अपनी बहू और उसके प्रेमी पर जानलेवा हमला कर दिया। बांदा के चौसड़ गांव में हुई इस घटना में प्रेमी की मौत हो गई, जबकि बहू गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। यह पूरा मामला अवैध संबंधों और गुस्से के खौफनाक अंजाम का नतीजा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, चौसड़ गांव की रहने वाली विद्या के पति कल्लू वर्मा की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद विद्या का संबंध पड़ोसी राममनोहर के साथ हो गया। बताया जाता है कि दोनों करीब एक साल पहले गांव छोड़कर चले गए थे। वहीं, राममनोहर की पत्नी सावित्री अपने बच्चों के साथ हरियाणा में मजदूरी करने गई हुई थी। करीब दस दिन पहले ही राममनोहर और विद्या वापस गांव लौटे थे और राममनोहर के घर में रहने लगे थे।
आधी रात को हुआ खूनी संघर्ष
शुक्रवार की आधी रात को जब पूरा गांव सो रहा था, तब विद्या के ससुर राजकरण ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह देख राजकरण का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने पास रखी लोहे की सांग (रॉड) उठा ली। ससुर ने बिना सोचे-समझे दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि राममनोहर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हमले में विद्या भी बुरी तरह घायल हो गई। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल विद्या को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर कर दिया गया है।
सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी ससुर राजकरण की तलाश में जुटी है, जो वारदात के बाद से फरार है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।