बांदा: वोटर लिस्ट से नाम हटाने के आरोप में कांग्रेस का हल्लाबोल, फूँका CEC का पुतला

बांदा: वोटर लिस्ट से नाम हटाने के आरोप में कांग्रेस का हल्लाबोल, फूँका CEC का पुतला

उत्तर प्रदेश के बांदा में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के गंभीर आरोपों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंत में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहाँ कार्यकर्ता पहले शहीद भगत सिंह की जयंती मना रहे थे। इसके बाद पूरा हुजूम अशोक लाट इलाके की ओर कूच कर गया। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण रहा, क्योंकि जब पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने की कोशिश की, तो पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और झड़प हुई।

13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने का गंभीर आरोप

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि हालिया संशोधन प्रक्रिया के दौरान देशभर में करीब 13 करोड़ पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार पर सीधा हमला करार दिया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इस पूरी प्रक्रिया की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।

जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने इस मामले में राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनका सत्यापन कर उन्हें दोबारा सूची में शामिल किया जाए ताकि भविष्य में पारदर्शिता बनी रहे।

Share:

Comments

Leave a comment