बलिया: जमीनी विवाद में युवती पर फेंकी खौलती चाय, पुलिस से मदद न मिलने पर SP ऑफिस पहुंची पीड़िता
बलिया में जमीनी विवाद में युवती पर खौलती चाय फेंकी गई। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़िता अब एसपी के पास पहुंची है।

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद की रंजिश में एक युवती को बेरहमी से निशाना बनाया गया। खेजुरी थाना क्षेत्र के जिगिरसर टोला बनकट गांव में दबंगों ने घर में अकेली पाकर एक युवती पर खौलती हुई चाय फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसे ही धमकाकर भगा दिया, जिसके बाद अब वह न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) की चौखट पर पहुंची है।
घटना 18 नवंबर की शाम करीब 4 बजे की है। पीड़िता तारा चौहान के अनुसार, जब वह घर पर अकेली थी, तभी उसके पट्टीदार अक्षय चौहान, पिंटू चौहान और राधिका चौहान उसके दरवाजे पर आ धमके। आरोपियों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर पिंटू व राधिका ने उसे मजबूती से पकड़ लिया। इसी बीच अक्षय ने स्टील के गिलास में भरी खौलती हुई चाय तारा के बाएं हाथ पर उड़ेल दी।
जान से मारने और तेजाब डालने की धमकी
हमलावर केवल शारीरिक चोट पहुँचाकर नहीं रुके, बल्कि उन्होंने युवती को भयानक धमकियां भी दीं। आरोपियों ने कहा कि वह अपने माता-पिता के खिलाफ चल रहे झूठे मुकदमे की पैरवी कर रही है, इसलिए उसे यह सबक सिखाया गया है। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसे चेतावनी दी कि यदि वह इस मामले की शिकायत थाने में करेगी, तो उसे जान से मार दिया जाएगा या तेजाब से जला दिया जाएगा।
खौफ के कारण युवती तुरंत थाने नहीं जा सकी, लेकिन जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची, तो वहां भी उसे मुश्किलों का सामना करना पड़ा। डॉक्टरों ने पुलिस तहरीर के बिना मेडिकल करने से इनकार कर दिया। पीड़िता का दावा है कि जब वह 20 नवंबर को खेजुरी थाने पहुंची, तो दरोगा ने न तो उसकी रिपोर्ट दर्ज की और न ही मेडिकल कराया, बल्कि उसे ही झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया।
तारा चौहान का कहना है कि ग्राम प्रधान और कुछ अन्य पट्टीदारों की मिलीभगत के कारण स्थानीय पुलिस और सीओ (CO) उसकी एक नहीं सुन रहे हैं। घटना के 60 घंटे से ज्यादा बीत जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़िता अपनी मां के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। उसने प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए, उसका मेडिकल कराया जाए और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।