बलिया में पुलिस मुठभेड़: मंदिर चोरी गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, 2 के पैरों में लगी गोली
बलिया पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मंदिर चोरी गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चांदी के गहने और मुकुट बरामद हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में पांच कथित चोर पकड़े गए हैं। इस दौरान हुई फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इनके पास से मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, एक नाग प्रतिमा और मुकुट बरामद किए हैं।
यह पूरी घटना रसड़ा थाना क्षेत्र के लखनेश्वरीडीह से अम घाट जाने वाली सड़क पर घटित हुई। पुलिस की एक टीम वहां वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध कार वहां पहुंची। जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो उसमें सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत पीछा किया, लेकिन जब बदमाशों ने खुद को घिरा पाया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें जीशान आलम और चंद्रशेखर नाम के दो आरोपी घायल हो गए। वहीं, सूरज पासवान, चंद्रशेखर कुमार और बाला लखंदर कुमार को पीछा कर दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक, ये पांचों आरोपी बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले हैं।
मंदिरों को बनाया था निशाना
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने रसड़ा थाना क्षेत्र के लखनेश्वरीडीह मंदिर से चांदी का नाग और एक मुकुट चोरी किया था। इतना ही नहीं, इस गिरोह ने गाजीपुर जिले के पंच मंदिर से राधा-कृष्ण का मुकुट भी चुराया था। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।