बलिया: बेल्थरा रोड में सामूहिक विवाह की धूम, 82 जोड़ों ने एक साथ लिए सात फेरे

Shubham Singh14 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
बलिया: बेल्थरा रोड में सामूहिक विवाह की धूम, 82 जोड़ों ने एक साथ लिए सात फेरे

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक बेहद भावुक और खुशी भरा मंजर देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 82 जोड़ों ने एक साथ शादी के बंधन में बंधे। बेल्थरा रोड तहसील क्षेत्र के सनशाइन मैरिज हॉल में आयोजित इस समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच नवदंपतियों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।

इस खास मौके पर सीर विकास खंड से 38 और नगरा विकास खंड से 44 जोड़ों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला मजिस्ट्रेट ज्ञानेंद्र सिंह ने भगवान गणेश की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की। डीएम ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उन्हें विवाह प्रमाण पत्र सौंपे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डीएम ने हर जोड़े को उपहार स्वरूप आम का एक पौधा भी भेंट किया।

गरीब परिवारों के लिए वरदान बनी योजना

समारोह को संबोधित करते हुए जिला मजिस्ट्रेट ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी को गरिमापूर्ण बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस योजना के जरिए पारदर्शी तरीके से वित्तीय सहायता और जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे गरीब परिवारों पर शादी के खर्च का बोझ कम हुआ है।

डीएम ने आम जनता से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और दूसरों को भी इसके बारे में जागरूक करें। उन्होंने आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को तेजी से आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने नवदंपतियों को प्रेरित किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारें और राज्य के विकास में अपना योगदान दें। इस पूरे आयोजन के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं की निगरानी की।

Share:

Comments

Leave a comment