मेरठ में लगेगा 2,913 करोड़ का बॉल कॉर्पोरेशन प्लांट, सीएम योगी रखेंगे आधारशिला

सीएम योगी आदित्यनाथ मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन के एल्युमीनियम कैन प्लांट की आधारशिला रखेंगे। जानें निवेश और रोजगार की पूरी डिटेल।

Shubham Singh25 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
मेरठ में लगेगा 2,913 करोड़ का बॉल कॉर्पोरेशन प्लांट, सीएम योगी रखेंगे आधारशिला

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत करने जा रहे हैं। मेरठ में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन द्वारा स्थापित किए जाने वाले एल्युमीनियम बेवरेज कैन प्लांट की आधारशिला 25 नवंबर, 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से रखी जाएगी। लगभग 2,913 करोड़ रुपये के निवेश वाला यह प्रोजेक्ट गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा होगा।

इस बड़े निवेश को जमीन पर उतारने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) ने जरूरी तैयारी पूरी कर ली है। बॉल बेवरेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और UPEIDA के बीच 23 नवंबर, 2026 को लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत कंपनी को 90 साल के लिए 1,59,028 वर्ग मीटर जमीन लीज पर दी गई है।

रोजगार के अवसर और प्रोजेक्ट की बारीकियां

इस प्लांट के शुरू होने से न केवल क्षेत्र में औद्योगिक विकास होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। अनुमान है कि इस वेंचर से करीब 298 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 25 नवंबर को सुबह 10 बजे लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समारोह में शामिल होंगे। वहीं, मेरठ स्थित प्लांट साइट पर औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल नंदी सहित स्थानीय सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।

हालांकि, इस मेगा प्रोजेक्ट के बीच कुछ चुनौतियां भी सामने आई हैं। स्थानीय स्तर से ऐसी खबरें मिल रही हैं कि जमीन अधिग्रहण के बदले मिलने वाले मुआवजे को लेकर कुछ किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment