मेरठ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर: 3000 करोड़ का प्लांट लगेगा, लेकिन स्थानीय युवाओं के रोजगार पर कंपनी मौन
मेरठ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में 3000 करोड़ का प्लांट लगाने वाली Ball Corporation के पास स्थानीय युवाओं के लिए कोई ठोस रोजगार योजना नहीं है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में औद्योगिक विकास की एक नई लहर शुरू हुई है, लेकिन इस चमक-धमक के बीच स्थानीय युवाओं के भविष्य को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अमेरिकी कंपनी Ball Corporation द्वारा मेरठ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत से बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने की तैयारी है। आज इस प्रोजेक्ट की पहली ईंट रखी गई, जिसे "पहले निवेश की पहली ईंट" के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन जब इस मौके पर स्थानीय युवाओं को मिलने वाले रोजगार के अवसरों पर सवाल पूछा गया, तो कंपनी के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं था।
इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने कई जिलों के हजारों किसानों से जमीन अधिग्रहित की है। इन किसानों और स्थानीय निवासियों को उम्मीद थी कि इस बड़े निवेश से क्षेत्र के युवाओं के लिए नौकरियों के हजारों दरवाजे खुलेंगे। हालांकि, ग्राउंडब्रेकिंग इवेंट के दौरान जब कंपनी के प्रतिनिधियों और सीईओ से रोजगार योजना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्वीकार किया कि अभी तक स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के लिए कोई ठोस फॉर्मूला या फॉर्मेट तैयार नहीं किया गया है।
रोजगार पर कंपनी का क्या है कहना?
कंपनी के अधिकारियों ने यह तो कहा कि इस विषय पर राज्य सरकार के साथ चर्चा हुई है, लेकिन फिलहाल वे केवल एक स्टडी (अध्ययन) कर रहे हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि इतनी बड़ी राशि का निवेश करने के बावजूद, कंपनी ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह स्थानीय लोगों को प्राथमिकता कैसे देगी या उन्हें किस तरह से इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाएगी।
एक तरफ जहां सरकार औद्योगिक कॉरिडोर के जरिए प्रदेश में निवेश और विकास का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की अनिश्चितता उन युवाओं के लिए चिंता का विषय है जिन्होंने इस उम्मीद में अपनी जमीनें दीं या इस प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे थे। अब देखना यह होगा कि क्या सरकार कंपनी पर दबाव बनाकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करा पाती है या यह निवेश केवल आंकड़ों तक ही सीमित रहेगा।