बहराइच: भाई की मौत से थम गई बहन की शादी की खुशियां, घर में मचा कोहराम
बहराइच में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। लखनऊ से लौट रहे युवक की मौत के बाद परिवार ने शादी रद्द की।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। जिस घर में चचेरी बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों के आने-जाने से रौनक थी, वहां अचानक पहुंची एक खबर ने चीख-पुकार मचा दी। लखनऊ से अपने गांव लौट रहे एक 30 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने गहरे सदमे में बहन की शादी का कार्यक्रम रद्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मधुबन गांव का रहने वाला 30 वर्षीय इरफान लखनऊ में रहकर डेकोरेशन का काम करता था। घर में उसकी चचेरी बहन की शादी तय हुई थी और वह इस खास मौके पर शामिल होने के लिए बेहद उत्साहित था। अपनों के बीच खुशियां बांटने के लिए इरफान अपनी बाइक से लखनऊ से गांव की ओर निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि इरफान के आने से शादी की रौनक और बढ़ जाएगी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
अनजान वाहन ने ली जान, खुशियां बदलीं मातम में
बताया जा रहा है कि देर रात जब इरफान फखरपुर थाना क्षेत्र के मरौचा के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इरफान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जैसे ही इस हादसे की खबर मधुबन गांव पहुंची, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब सिर्फ सिसकियां और मातम पसरा है।
इरफान की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई के चले जाने के गम में परिवार इतना टूट गया कि उन्होंने बेटी की शादी का कार्यक्रम फिलहाल रद्द करने का फैसला लिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस दुखद हादसे पर स्तब्ध है।