बहराइच में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो मुठभेड़ों के बाद कुख्यात अपराधी नसीम गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सोमवार की आधी रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दो अलग-अलग इलाकों में चलाए गए ऑपरेशनों में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ के दौरान दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली कार्रवाई ननपारा पुलिस क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने 'ठेकेदार' के नाम से मशहूर कुख्यात अपराधी नसीम को दबोच लिया। नसीम लखीमपुर खीरी जिले के इसानगर थाना क्षेत्र के चंदिसा कला का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नसीम एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आधी रात को हुई फिल्मी अंदाज में मुठभेड़
पुलिस की यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब बौंदी इलाके में पुलिस की बदमाशों से भिड़ंत हुई। वहां एक आरोपी को तो पकड़ लिया गया, लेकिन उसका साथी जाबिर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस फिलहाल जाबिर की तलाश में जुटी है।
बौंदी की घटना के बाद एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने तुरंत कई टीमों को नसीम की तलाश में लगाया, जो एक सैंट्रो कार में सवार होकर फरार हुआ था। रात करीब 2 बजे ननपारा कोतवाल गुरसेन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बंजरिया नहर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी संदिग्ध सैंट्रो कार दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी रुकने का इशारा किया, तो कार सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें नसीम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान नसीम के पास से एक देशी पिस्तौल, कारतूस, खाली खोखे, एक सैंट्रो कार, सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बहराइच और अन्य जिलों में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।