बहराइच: महिला से सोने की चेन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया सामान
बहराइच पुलिस ने महिला से सोने की चेन लूटने वाले विष्णु कुमार यादव को गिरफ्तार कर लूटा हुआ सामान बरामद कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी विष्णु कुमार यादव को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पूरा मामला 4 अक्टूबर का है, जब रायपुर राजा इलाके में रहने वाली प्रयागराज की निवासी राजकुमारी के साथ वारदात हुई। शाम करीब 7:52 बजे एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने अचानक उन पर हमला किया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर दरगाह शरीफ थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
CCTV फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। दरगाह शरीफ पुलिस और स्वाट-सर्वेलांस यूनिट की संयुक्त टीम ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान की।
तफ्तीश के बाद पुलिस को पता चला कि इस वारदात को 30 वर्षीय विष्णु कुमार यादव ने अंजाम दिया है, जो हुजूरपुर थाना क्षेत्र के सिरौला टेपरा गांव का निवासी है। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए 30 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे मालगोदाम रोड से रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 ग्राम की सोने की चेन, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद की है। दरगाह शरीफ थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को शुक्रवार दोपहर अदालत में पेश किया गया।