बहराइच-लखनऊ हाईवे पर रफ्तार का कहर: कार ने पिता-पुत्र को रौंदा, 17 साल के बेटे की मौत
बहराइच-लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने पिता-पुत्र को रौंदा। 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हैं।

उत्तर प्रदेश के बहराइच-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गजाधरपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे पिता और पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 17 वर्षीय किशोर विशाल यादव की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। विशाल यादव और उसके 45 वर्षीय पिता संपत पास की एक दुकान से कार्ड खरीदकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर जा रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह जख्मी हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मातम
हादसे की खबर मिलते ही सब-इंस्पेक्टर अजय तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज की पूरी कोशिश की, लेकिन विशाल यादव को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। वहीं, पिता संपत का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। विशाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
फखरपुर थाना प्रभारी राजकुमार राजभर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन (नंबर UP 11 AC 8300) को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।