बहराइच: कुटिया में सो रहे व्यक्ति को उठाकर ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिला शव
बहराइच के सुजौली में तेंदुए ने कुटिया में सो रहे व्यक्ति को खींचकर गन्ने के खेत में ले जाकर मार डाला। इलाके में दहशत का माहौल।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में एक तेंदुए ने खूनी हमला करते हुए एक व्यक्ति की जान ले ली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि तेंदुआ शिकार करने के लिए सीधे व्यक्ति की कुटिया के अंदर घुसा और उसे वहां से खींचकर ले गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत चकिया के कदम पुलिया पुल के पास 40 वर्षीय जयराम पुत्र जमुना प्रसाद अपनी एक कुटिया बनाकर रहते थे। देर रात जब जयराम अपनी कुटिया के अंदर सो रहे थे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने हमला बोल दिया। तेंदुआ उन्हें कुटिया के अंदर से ही उठाकर पास के गन्ने के खेत में ले गया और वहां उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमले के बाद भी तेंदुआ काफी समय तक शव के पास ही मौजूद रहा।
सुबह चाय लेकर पहुंचे परिजन, तो खुला खौफनाक राज
इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब अगली सुबह परिजन जयराम के लिए चाय लेकर उनकी कुटिया पर पहुंचे। वहां जयराम को न पाकर परिवार वाले घबरा गए। जब उन्होंने आसपास देखा, तो कुटिया के बाहर संघर्ष और किसी चीज को घसीटने के निशान मिले। ग्रामीणों ने जब इन निशानों का पीछा किया, तो गन्ने के खेत में जयराम का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। शव को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सुजौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना ने पूरे इलाके के ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। लोगों का कहना है कि जब तेंदुआ अब कुटिया के अंदर घुसकर शिकार कर रहा है, तो कोई भी सुरक्षित नहीं है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए को पकड़ने के लिए ठोस सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।