बहराइच: मच्छरदानी में सो रही बच्ची पर तेंदुए का हमला, मां ने जान पर खेलकर बचाई बेटी
बहराइच में तेंदुए ने घर में घुसकर 6 साल की बच्ची पर हमला किया, मां ने साहस दिखाकर बचाई बेटी की जान।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में अब तेंदुए इंसानी बस्तियों और घरों के अंदर तक घुसने लगे हैं। ताजा मामला सुजौली थाना क्षेत्र का है, जहां तड़के करीब तीन बजे एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। घर के अंदर मच्छरदानी लगाकर सो रही एक छह साल की मासूम बच्ची पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबाकर घसीटने लगा।
यह घटना राजेश नामक व्यक्ति के घर की है, जहां उनकी बेटी दिव्या अपनी मां बिंद्रावती के साथ सो रही थी। जैसे ही तेंदुए ने बच्ची को पकड़कर बाहर ले जाने की कोशिश की, बच्ची की चीख सुनकर मां की नींद खुल गई। अपनी आंखों के सामने बेटी को मौत के मुंह में जाता देख मां बिंद्रावती ने अपनी जान की परवाह नहीं की और निडर होकर तेंदुए से भिड़ गईं। मां के इस अदम्य साहस और कड़े संघर्ष के कारण तेंदुआ बच्ची को नहीं ले जा सका और अंततः वहां से भागकर खेतों की ओर चला गया।
अस्पताल में इलाज जारी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
तेंदुए के हमले में मासूम दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के तुरंत बाद परिवार में कोहराम मच गया और आनन-फानन में बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले जाया गया। वहां डॉक्टर आरपी सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में वन विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा है। बच्ची के चाचा कुशमेश सिंह, उमेश सिंह और पिता राजेश समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हुए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ रहा है और अब वे अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके में पिंजरे लगाए जाएं ताकि इस खूंखार जानवर को पकड़ा जा सके।