बहराइच: घाघरा बैराज में डूबे 40 वर्षीय युवक का मिला शव, गोताखोरों ने खोज निकाला
बहराइच के घाघरा बैराज में डूबे 40 वर्षीय युवक का शव गोताखोरों ने खोज निकाला। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।

उत्तर प्रदेश के बहराइच नदी हादसा ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। सुजौली थाना क्षेत्र के घाघरा बैराज में लापता हुए 40 वर्षीय युवक का शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया है। सोमवार को घर से निकले युवक के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया था, जिसके बाद तलाश शुरू की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत चहलवा के सिरसिन पुरवा निवासी सदानंद सोमवार सुबह यह कहकर घर से निकले थे कि वह बैराज जा रहे हैं। जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान बैराज के गेट नंबर चार के पास सदानंद की चप्पल, मछली पकड़ने का जाल और झोला मिला, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। बताया जा रहा है कि सदानंद शौच के लिए डाउनस्ट्रीम की ओर गए थे, जहां अचानक पैर फिसलने की वजह से वह नदी के गहरे पानी में समा गए।
गोताखोरों की मदद से मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम निषाद ने तत्परता दिखाते हुए गोताखोरों का इंतजाम किया। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे, बैराज से लगभग 200 मीटर की दूरी पर डाउनस्ट्रीम में सदानंद का शव मिला। मौके पर उनकी बाइक भी खड़ी पाई गई थी।
सुजौली थाना अध्यक्ष राम गोविंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सदानंद गांव में दर्जी का काम करते थे और अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी दुखिया देवी, 10 साल की बेटी प्रियाशी और 5 साल का बेटा कार्तिक है। पिता की अचानक मौत से बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।