बहराइच: कार्तिक पूर्णिमा मेले में गैस पाइप फटने से लगी आग, 6 लोग झुलसे
बहराइच के होलिया घाट मेले में गैस पाइप फटने से भीषण आग लगी, जिसमें 4 नेपाली और 2 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नवाबगंज के होलिया घाट इलाके में लगे मेले में एक फास्ट फूड स्टॉल पर अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब शाम करीब 6 बजे गैस चूल्हे का पाइप अचानक निकल गया और गैस लीक होने से भीषण आग लग गई।
नेपाली नागरिकों समेत 6 लोग हुए घायल
इस हादसे में घायल होने वालों में चार नेपाली नागरिक और दो भारतीय नागरिक शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, घायल नेपाली नागरिकों की पहचान सुनील, शिखा, सुनीता और प्रभुदिन के रूप में हुई है। वहीं, आग की चपेट में आने वाले भारतीय नागरिकों में नवाबगंज की रहने वाली दो साल की मासूम महिमा और धीरजा शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मेले में आए अन्य लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की, जिससे हादसा और बड़ा होने से टल गया।