बहराइच: चलती कार में अचानक भड़की भीषण आग, कूदकर ड्राइवर ने बचाई जान
बहराइच के पयागपुर में शॉर्ट सर्किट के कारण चलती कार में भीषण आग लग गई। ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक खौफनाक हादसा सामने आया है, जहां एक चलती कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त ड्राइवर की सूझबूझ ने उसे एक बड़े हादसे से बचा लिया और वह समय रहते गाड़ी से बाहर कूद गया। यह पूरी घटना रविवार दोपहर पयागपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, सर्वेश मिश्रा नाम का व्यक्ति अपनी कार से गोगपुर गांव से परसिया आलम की ओर जा रहा था। सफर के दौरान अचानक उसने देखा कि कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा है। सर्वेश ने तुरंत गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते धुएं ने विकराल रूप ले लिया और आग की लपटें उठने लगीं। जान खतरे में देख सर्वेश ने बिना देर किए चलती कार से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
कार से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में अधिकारियों का मानना है कि कार में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी होगी। राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ड्राइवर पूरी तरह सुरक्षित है।