बदायूं: 21 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हज़रतपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को भारी मात्रा में अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 21 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके के ड्रग तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशों के तहत की गई। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सैता खेड़ा गांव के पास श्री कृष्ण ब्रिक इंडस्ट्री की भट्टी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मुनीश नाम के एक व्यक्ति को दबोचा, जिसके पास से 1.200 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी मुनीश बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुल का निवासी है और दुर्गा प्रसाद का पुत्र है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुनीश को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस सफल ऑपरेशन में सब-इंस्पेक्टर मुनीश कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार और कांस्टेबल कपिल तेवतिया, जितेंद्र कुमार व विवेक कुमार सिवाच की अहम भूमिका रही।
फिलहाल, पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को अंदेशा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है, जिसके अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।