आजमगढ़: शिक्षक निर्वाचन के दौरान बड़ी कार्रवाई, नकदी और चुनावी सामग्री के साथ 4 गिरफ्तार
आजमगढ़ में शिक्षक निर्वाचन के दौरान फ्लाइंग स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई की। नकदी और चुनावी सामग्री के साथ 4 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शिक्षक निर्वाचन के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गोरखपुर-फैजाबाद मंडल शिक्षक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता के बीच फ्लाइंग स्क्वॉड ने चार लोगों को भारी मात्रा में नकदी और चुनावी प्रचार सामग्री के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। यह पूरी कार्रवाई सिधरी थाना क्षेत्र में हुई, जहां चुनावी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए नकदी बांटने की तैयारी चल रही थी।
उप जिलाधिकारी (सदर) अविनाश गौतम के नेतृत्व में टीम ने जब दौलतपुर पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया, तो एक सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार (UP54AX2379) को रोका गया। जब अधिकारियों ने कार की बीच वाली सीट पर रखे पांच सफेद बैगों की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। इन बैगों में न केवल 2 लाख 41 हजार 500 रुपये की नकदी मिली, बल्कि बड़ी मात्रा में वोटर लिस्ट, हैंडबिल, नमूना मतपत्र और प्रचार सामग्री भी बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपियों ने कबूला नकदी बांटने का इरादा
पुलिस के मुताबिक, जब पकड़े गए चारों व्यक्तियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि लिफाफों में रखी इस नकदी को विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों के बीच वितरित किया जाना था। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मऊ जिले के निवासी सुभाष सिंह और शिवगोविंद सिंह, तथा आजमगढ़ के सिधरी और समेडा निवासी राजेश कुमार पांडे और शिवमोहन सिंह के रूप में हुई है।
प्रशासन ने मौके से नकदी और चुनावी सामान के अलावा किआ सेल्टोस कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। इस मामले में सिधरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 173 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।