आजमगढ़: गोवंश वध के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो भाई गिरफ्तार
आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोवंश वध के आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ में गोवंश वध के आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। यह पूरी घटना गंभीरपुर थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित मांस और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी और उनकी टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सरसेना खलसा गांव के कुछ लोग मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित पशु का मांस ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने खराटी-आवक चौराहे के पास नाकाबंदी कर दी। जैसे ही मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने पुलिस को देखा, उन्होंने भागने की कोशिश की। जब पुलिस ने उन्हें रोका, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें 42 वर्षीय आरोपी जमील के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तुरंत इलाज के लिए मुहम्मदपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं, उसके 30 वर्षीय भाई सलमान को भी मौके से दबोच लिया गया। पकड़े गए दोनों भाई मोबिन के पुत्र हैं और गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरिया, सरसेना खलसा के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से 10 किलो प्रतिबंधित मांस, पशु के अवशेष, एक लोहे का कटर, एक मोटरसाइकिल और एक .315 बोर का देसी कट्टा मिला। साथ ही दो खाली कारतूस और एक मिसफायर कारतूस भी बरामद हुआ है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये दोनों भाई अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लावारिस पशुओं को पकड़ते थे और सुनसान जगहों पर उनका वध कर मांस बेचते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि इस अवैध धंधे से होने वाली कमाई का इस्तेमाल वे अवैध हथियार खरीदने में करते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सलमान पहले भी अपराधों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ 2017 में गोवंश वध अधिनियम और 2018 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, गोवंश वध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।