ED रिमांड खत्म, सपा नेता आजम खान को फिर भेजा गया दसना जेल
सपा नेता आजम खान की ED रिमांड खत्म होने के बाद गाजियाबाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में दसना जेल भेजने का आदेश दिया है।

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार दिनों की रिमांड खत्म होने के बाद, आजम खान को एक बार फिर दसना जेल भेज दिया गया है। गाजियाबाद की एक विशेष PMLA कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश सुनाया है।
यह पूरा मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़ा है। ED ने आजम खान से पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी ली थी, जो 12 नवंबर की शाम 4:30 बजे से शुरू होकर 16 नवंबर की शाम 4:30 बजे तक चली। इस दौरान जांच एजेंसी ने उनसे काफी गहन पूछताछ की।
पूछताछ में 200 सवाल, आजम खान ने आरोपों को नकारा
सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के इन चार दिनों में ED के अधिकारियों ने आजम खान से करीब 200 सवाल किए। हालांकि, आजम खान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें जौहर ट्रस्ट द्वारा लिए गए विशिष्ट निर्णयों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
इतना ही नहीं, जब उनसे 'एनिमी प्रॉपर्टी' (शत्रु संपत्ति) पर अवैध कब्जे के आरोपों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने खुद को बेगुनाह बताते हुए सारा ठीकरा रामपुर जिला प्रशासन पर फोड़ दिया। कोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 26 नवंबर की तारीख तय की है, तब तक आजम खान जेल में ही रहेंगे।