अयोध्या राम मंदिर: 150 में से 148 निर्माण कार्य पूरे, 15 नवंबर तक चमकेगी लाइटिंग

अयोध्या के भव्य राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष নৃपेंद्र मिश्रा ने मंदिर परिसर के कार्यों की समीक्षा की और बताया कि कुल 150 निर्माण कार्यों में से 148 काम सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। इन पूरे हो चुके प्रोजेक्ट्स को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया गया है।
नृपेंद्र मिश्रा दो दिवसीय समीक्षा बैठक के लिए अयोध्या पहुंचे थे, जहां उन्होंने फासाड लाइटिंग, लंबित निर्माण कार्यों और वित्तीय मामलों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण एजेंसी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को सभी पूरे हुए प्रोजेक्ट्स के साथ उनके जरूरी रिकॉर्ड, डिजाइन और वित्तीय विवरण ट्रस्ट को सौंपने होंगे, जिसके बाद प्रोजेक्ट इंजीनियरों द्वारा निरीक्षण कर उन्हें औपचारिक रूप से स्वीकार किया जाएगा।
दिवाली से पहले दिखेगा भव्य रूप
मंदिर की खूबसूरती में चार चांद लगाने वाली फासाड लाइटिंग और परिक्रमा मार्ग की लाइटिंग का काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि यह कार्य 15 नवंबर तक पूरा हो जाएगा, ताकि आने वाली दिवाली के अवसर पर मंदिर और पूरा परिसर अपनी पूरी भव्यता के साथ चमक सके।
वहीं, कुछ कार्यों में देरी का कारण मौसम को बताया गया है। मंदिर के बाहरी परिसर (पर कोटा) में रूफटॉप वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम अभी बाकी है, क्योंकि इसके लिए तेज धूप और सूखे मौसम की जरूरत होती है, जबकि हाल की बारिश ने काम की रफ्तार को थोड़ा धीमा कर दिया है। हालांकि, प्रशासन को भरोसा है कि यह काम भी 15 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्य मंदिर के अलावा बाहरी प्रोजेक्ट्स पर भी नजर रखी जा रही है। राम कथा म्यूजियम का निर्माण अपने अंतिम चरण में है, जबकि शहीदों का स्मारक बनकर तैयार हो चुका है, बस उसके आसपास के बगीचों का काम चल रहा है। इसके अलावा, माध्वाचार्य द्वार का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।