अयोध्या दीपोत्सव 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग का हाई अलर्ट, तैनात होंगी 12 एम्बुलेंस
अयोध्या में दीपोत्सव 2026 के लिए स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। एम्बुलेंस, बेड और मोबाइल टीमों की पूरी तैयारी की गई है।
अयोध्या में आगामी दीपोत्सव 2026 को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इमरजेंसी के लिए 60 बेड और मोबाइल टीमें रिजर्व
भीड़भाड़ वाले इलाकों में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के लिए 12 एम्बुलेंसों को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है। ये एम्बुलेंस लक्ष्मण किला, भजन संध्या स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, नागेश्वरनाथ, वीणा स्क्वायर (लता मंगेशकर चौक), करसेवकपुरम, हनुमानगढ़ी, हनुमान गुफा, साकेत पेट्रोल पंप, श्री राम जन्मभूमि परिक्रमा पथ, कनक भवन मंदिर परिसर और मेला कंट्रोल रूम जैसे प्रमुख स्थानों पर मौजूद रहेंगी।
इतना ही नहीं, आपातकालीन स्थिति के लिए शहर के 12 निजी अस्पतालों के साथ समन्वय किया गया है। अग्रिम हॉस्पिटल, हर्षन हार्ट इंस्टीट्यूट, झुनझुनवाला हॉस्पिटल, देवा मेमोरियल, निर्मला हॉस्पिटल, दिव्य हॉस्पिटल, सोना हॉस्पिटल, जगत हॉस्पिटल, मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी, चिरंजीव हॉस्पिटल, गोमती हॉस्पिटल और संजाफी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर में पांच-पांच बेड रिजर्व रखे गए हैं। कुल 60 बेड केवल इमरजेंसी मरीजों के लिए सुरक्षित किए गए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज देने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राम की पैड़ी और अन्य प्रमुख स्थलों पर मोबाइल मेडिकल टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी, जो मौके पर ही प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगी।
जरूरी संपर्क नंबर:
किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 8881004894 जारी किया है। इसके अलावा, समन्वय के लिए मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रम्मणी शुक्ला से 9451085935 पर संपर्क किया जा सकता है।